चालानी कार्रवाई पर भड़के व्यापारी
पौड़ी गढ़वाल, 29 अप्रैल (हि.स.)।
शहर में धारा रोड़ को टू व्हीलर के लिए वनवे करने पर व्यापार सभा ने कड़ा आ्क्रोश जताया है। व्यापारियों ने बीते दिनों प्रशासन की टीम द्वारा शहर की सुनसान सडकों पर सड़कों के किनारे खड़े वाहनों का देररात तक चालान किए जाने पर भी कड़ी नाराजगी जताई है।
बुधवार को यातायात व्यवस्था को सुधारने व धारा रोड को टू व्हीलर के लिए वनवे करने को लेकर जिला प्रशासन व व्यापार सभा की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान व्यापार सभा ने बैठक में व्यापार सभा ने धारा रोड को टू व्हीलर के लिए वनवे किए जाने व बीते दिनों प्रशासन की टीम द्वारा देर रात को सड़कों के किनारे खड़े वाहनों के चालान किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। व्यापारियों ने इसे प्रशासन की मनमानी बताया। व्यापारियों ने कहा कि शहर में पहले ही दिनभर सन्नाटा पसरा रहता है। धारा रोड को टू व्हीलर के लिए वनवे करने पर व्यापारियों को और अधिक नुकसान उठाना पड़ेगा। बैठक में व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा, सचिव देवेंद्र रावत, पूर्व कोषाध्यक्ष कुलदीप गुसांई आदि ने कहा कि बीते दिनों प्रशासन ने शहर की सुनसान सड़कों पर किनारे खड़े वाहनों के चालान कर दिए। जिससे शहरवासियों में रोष बना हुआ है। कहा कि शहर में शादी समारोह व अन्य समारोह होने पर मजबूरी में सड़कों के किनारे वाहन खड़े किए जाते है। इस दौरान व्यापारियों ने शहर में बंद पड़ी पार्किंगों को खुलवाने की मांग उठाई। सभासद अरविंद रावत ने आरोप लगाया कि सरकारी वाहनों को धारा रोड से गुजरने में परेशानियां होती है जिसको लेकर जिला प्रशासन चालानी कार्रवाई कर रहा है। कहा कि आमजनता को इससे कोई परेशानी नहीं है। कहा कि सरकारी विभागों के वाहन सड़कों के किनारे खड़े रहते है लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। जबकि लोगों के वाहनों का देर रात को सुनसान सड़कों पर चालान कर दिया जाता है। इस दौरान व्यापारियों ने जिला प्रशासन के अफसरों को पुरानी जेल में पार्किँग बनाने का सुझाव भी दिया। इस मौके पर एसडीएम दीक्षिता जोशी, कोतवाल जसपाल आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह