अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, रेलवे भूमि से 45 झुग्गियां हटाईं
हरिद्वार, 23 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मंगलवार को टीबड़ी रेलवे अंडर ब्रिज (अंबेडकर चौक) के समीप रेलवे भूमि पर बने अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में रेलवे प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई लगभग 40 से 45 झुग्गी-झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा अपनी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस से सहयोग मांगा गया था। जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित चारधाम यात्रा, आगामी कांवड़ मेला और कुंभ मेले के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए सरकारी भूमि, सड़क किनारों, फुटपाथों तथा सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान में सीओ सदर एसपी बलूनी, रेलवे डिवीजन इंजीनियर अनूप कुमार, रेलवे सेक्शन इंजीनियर पंकज शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल गुप्ता, पटवारी रविकांत सहित रेलवे, प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला