उत्तराखंड के सभी भवनों का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट, मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश
देहरादून, 23 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य के सभी सरकारी और गैर-सरकारी भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी सचिवों और जिलाधिकारियों को अधिक ऊंचाई वाले भवनों, अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, असुरक्षित निकासी मार्ग वाले परिसरों तथा तंग गलियों में स्थित इमारतों का अनिवार्य रूप से स्थलीय सर्वे कराने को कहा है।
मुख्य सचिव ने अपने आदेश में कहा कि अभियान का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं के जोखिम को समय रहते समाप्त करना और सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों में संवेदनशील भवनों और क्षेत्रों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शासन के सभी सचिवों को अपने विभागों और संबंधित क्षेत्रों का व्यापक फायर सेफ्टी ऑडिट कराने की जिम्मेदारी भी सौंपी। निर्देश दिए गए हैं कि सर्वे के बाद सभी आवश्यक अग्नि सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित किया जाए और उनकी नियमित निगरानी की जाए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए ताकि जनहानि और संपत्ति के नुकसान की संभावनाओं को न्यूनतम किया जा सके।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय