अवर अभियंता रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
देहरादून, 17 मार्च (हि.स.)। सतर्कता टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक अवर अभियंता को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बिजली घर पथरी बाग 33/11 केवी में तैनात अवर अभियंता अतुल कुमार को शिकायतकर्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन कराने तथा विद्युत भार बढ़ाने के एवज में 80 हजार रुपये की उत्कोच धनराशि लेते समय पकड़ा गया। सतर्कता टीम ने पूर्व में प्राप्त शिकायत के आधार पर ट्रैप की कार्रवाई करते हुए आरोपित को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय