काव्य संकलन मीत के अनोखे रंग का विमोचन
हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। युवा कवि अमित कुमार गुप्ता मीत के प्रथम काव्य संकलन मीत के अनोखे रंग का विमोचन ज्वालापुर स्थित विद्या विहार एकेडमी सभागार में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने पुस्तक का लोकार्पण करते हुए कहा कि किसी भी साहित्यिक कृति के सृजन के लिए धैर्य, समर्पण और अनुभव आवश्यक होते हैं। उन्होंने पुस्तक की कविता हसरतें कोशिशों से पूरी होती हैं, हसरतें न हों तो जिंदगी अधूरी होती है का सस्वर पाठ कर उपस्थित साहित्य प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में साहित्यकार अरुण कुमार पाठक ने कहा कि कविता सरल, सहज और जनसामान्य की समझ में आने वाली होनी चाहिए, तभी पाठक और श्रोता उससे आत्मीय जुड़ाव महसूस करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. विजयेन्द्र पालीवाल ने की, जबकि संचालन अरुण पाठक तथा कंचन प्रभा गौतम ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना पूर्वी एवं अवनी की गणेश वंदना नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके बाद अमित कुमार ‘मीत’, राजकुमारी राजेश्वरी, भूदत्त शर्मा, अभिनंदन अभि रसमय, अधिवक्ता ललित मिगलानी, शान्वी, गर्वित एवं धान्वी ने काव्य संकलन से चयनित रचनाओं का पाठ किया।
इस अवसर पर नवल विभा प्रकाशन की ओर से कवि अमित कुमार मीत को सम्मान पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में नगर के अनेक साहित्यकार, कवि, लेखक और शिक्षाविद उपस्थित रहे, जिनमें सुरेंद्र कुमार गुप्ता, पवन कुमार गर्ग, वृंदा वाणी, सुमन गुप्ता, देवेंद्र मिश्र, संतोष साहू, डॉ. मीरा भारद्वाज, डॉ. नीता नय्यर निष्ठ’, राकेश मालवीय, सोनेश्वर कुमार सोना, आशा साहनी, दीपक पंवार, विभा चौधरी और साधुराम पल्लव सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला