सिडकुल में नाबालिगों से बंधुआ मजदूरी का खुलासा, प्लांट हेड गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित सिडकुल क्षेत्र स्थित कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी में नाबालिग लड़कियों से बंधुआ मजदूरी कराने और उनके साथ मारपीट किए जाने के गंभीर मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। प्रकरण में मुख्य आरोपी प्लांट हेड को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 24 मार्च को कंपनी में कार्यरत कुछ महिलाओं एवं युवतियों ने थाना सिडकुल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्लांट हेड रजनीश शर्मा और अन्य कर्मचारियों ने दो नाबालिग लड़कियों के आधार कार्ड में हेरफेर कर उनकी उम्र बढ़ाकर उन्हें नौकरी पर रखा।

आरोप है कि 24 मार्च को दोनों लड़कियों को कार्यालय में बुलाकर उनकी तलाशी ली गई और दुपट्टे से हाथ-पांव बांधकर उनके साथ मारपीट की गई तथा उन्हें अपमानित किया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में घटना से संबंधित वीडियो भी बरामद हुआ, जिसमें लड़कियों के हाथ-पांव बांधकर उनसे चोरी कबूल कराने का दबाव बनाया जा रहा था।

जांच के दौरान कंपनी की दस्तावेजी फाइलों में यह भी पाया गया कि पीड़िताओं के आधार कार्ड की फोटोकॉपी में उनकी उम्र बढ़ाकर दर्शाई गई थी। साथ ही नाबालिग किशोरियों से वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक कार्य कराए जाने के तथ्य भी सामने आए हैं।

पुलिस ने मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा (42) निवासी रामपुर जेवर, जिला गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), वर्तमान पता पीठ बाजार, थाना बहादराबाद को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला