चोपता-तुंगनाथ मार्ग पर गहरी खाई से महिला का शव बरामद
रुद्रप्रयाग, 21 सितंबर (हि.स.)। चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर करीब 400 मीटर गहरी खाई में गिरी महिला का शव राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने सोमवार को बरामद कर लिया। शव को खाई से बाहर निकालने के बाद टीम ने करीब तीन किलोमीटर तक स्ट्रेचर के जरिए पैदल ले जाकर चोपता पहुंचाया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
आपदा कंट्रोल रूम, रुद्रप्रयाग से 20 सितंबर को सूचना मिली थी कि चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर एक महिला खाई में गिरने के बाद लापता है। सूचना पर अगस्त्यमुनि स्थित एसडीआरएफ पोस्ट से अपर उप निरीक्षक प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में टीम मौके के लिए रवाना हुई। रात में तुंगनाथ मंदिर के आसपास तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह करीब 7:10 बजे एसडीआरएफ ने दोबारा खोज अभियान शुरू किया। रावण शीला से नीचे की ओर तलाशी के दौरान टीम को करीब 400 मीटर गहरी खाई में महिला का शव मिला। एसडीआरएफ ने डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस के सहयोग से शव को खाई से बाहर निकाला और करीब तीन किलोमीटर तक स्ट्रेचर के जरिए पैदल ले जाकर चोपता पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पंजाब निवासी 26 वर्षीय पूजा साहनी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए कब्जे में ले लिया है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय