कलियर से लापता व्यक्ति का शव झाल में मिला,जांच शुरू

 


हरिद्वार, 17 जुलाई (हि.स.)। पिरान कलियर क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए एक व्यक्ति का शव शुक्रवार को मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के आसफनगर झाल से बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के नेहन्दपुर सेठारी गांव निवासी 45 वर्षीय मुकेश कुमार सोमवार सुबह ज्वालापुर में काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन बंद मिला। रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार को परिजनों को जानकारी मिली कि मुकेश कुमार की बाइक कांवड़ पटरी मार्ग पर लावारिस हालत में मिली है। इसके बाद उनकी पत्नी अंजू की तहरीर पर कलियर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।

शुक्रवार को मंगलौर क्षेत्र के आसफनगर झाल से एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला