'एक पेड़-मां के नाम' अभियान के तहत भाजपा निकाय प्रकोष्ठ ने किया पौधरोपण
देहरादून, 02 अगस्त (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर निकाय प्रकोष्ठ की ओर से रविवार को परेड ग्राउंड में 'एक पेड़–मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक लोगों से पौधरोपण अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठों के प्रभारी कोस्तुभानंद जोशी ने कहा कि हरेला पर्व और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे 'एक पेड़-मां के नाम' अभियान के तहत यह आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है और प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के लिए आगे आना चाहिए।
भाजपा निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सचिन गुप्ता ने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण देने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने पर्यावरण प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उन्होंने कहा कि 'एक पेड़–एक संकल्प, हरित उत्तराखंड हमारा लक्ष्य' के संकल्प को सामूहिक प्रयासों से साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में संयोजक सोमित गर्ग, शैलेन्द्र जोशी, संजीव गुप्ता, हिमांशु सिंह, ईश्वर सिंह ठाकुर, अंकित सक्सेना, सचिन सक्सेना सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय