भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव पारित, मोदी सरकार की उपलब्धियों और उत्तराखंड के विकास को सराहा
हल्द्वानी, 09 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बुधवार को राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया गया। हल्द्वानी के विंटेज ग्रीन बैंक्वेट हॉल में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। प्रस्ताव में केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों के साथ उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।
राजनीतिक प्रस्ताव में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आधारभूत ढांचे, डिजिटल एवं तकनीकी परिवर्तन, वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास, उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। भाजपा ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उत्तराखंड की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
प्रस्ताव में केदारनाथ पुनर्निर्माण, चारधाम क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार, चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और सीमांत क्षेत्रों के विकास को केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल किया गया। पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड धार्मिक, आध्यात्मिक, पर्यटन और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कार्यों की भी प्रस्ताव में सराहना की गई। भाजपा ने कहा कि केंद्र की राष्ट्रीय दृष्टि और राज्य सरकार के धरातलीय क्रियान्वयन के बीच बेहतर समन्वय ही डबल इंजन सरकार की ताकत है। वर्ष 2017 के बाद सड़क, रेल, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए सरकार की विकास नीति को रेखांकित किया गया।
प्रस्ताव में चारधाम महामार्ग परियोजना, सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य की कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। इसमें वर्ष 2026-27 में रेलवे के लिए 4,769 करोड़ रुपये के आवंटन और करीब 39,491 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं का भी उल्लेख किया गया।
भाजपा ने कहा कि उत्तराखंड में रोजगार की अवधारणा को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित न रखकर उद्यमिता, स्वरोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ा गया है। प्रस्ताव में 28 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियों, करीब 1,750 स्टार्टअप, लगभग 9,000 युवाओं के प्रशिक्षण तथा होमस्टे की संख्या 3,935 से बढ़कर 6,161 होने का उल्लेख किया गया।
पर्यटन और तीर्थाटन को राज्य की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए प्रस्ताव में कहा गया कि वर्ष 2025 में 6.03 करोड़ से अधिक पर्यटक और तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुंचे। भाजपा के अनुसार इससे होमस्टे संचालकों, टैक्सी चालकों, छोटे व्यापारियों, स्थानीय उत्पादकों और गाइडों सहित पर्वतीय क्षेत्रों के परिवारों को आर्थिक लाभ मिला है।
राजनीतिक प्रस्ताव में ‘वंदे मातरम्’ के प्रति पूर्ण श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करते हुए कांग्रेस के 19 अगस्त 2026 के निर्णय की आलोचना की गई। भाजपा ने कहा कि राष्ट्रगीत स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। पार्टी ने ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर केंद्र सरकार की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्मृति समारोह का स्वागत किया।
प्रस्ताव में कहा गया कि राष्ट्रभक्ति किसी समुदाय के विरुद्ध नहीं है और किसी समुदाय को प्रसन्न करने के नाम पर राष्ट्रगीत की गरिमा कम करना स्वीकार्य नहीं हो सकता। प्रदेश कार्यसमिति ने नेपाल में हाल की प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही चमोली जिले के विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की सुरंग में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना में श्रमिकों की मौत पर भी शोक जताया गया।
प्रस्ताव में उत्तराखंड की सामाजिक समरसता को राजनीतिक संघर्ष का माध्यम नहीं बनाए जाने की अपील की गई। वहीं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को संवैधानिक प्रक्रिया बताते हुए भाजपा ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए, लेकिन निर्वाचन व्यवस्था की शुचिता से समझौता नहीं किया जा सकता।
भाजपा ने संगठनात्मक विस्तार का उल्लेख करते हुए दावा किया कि हाल के सहकारिता चुनावों में गढ़वाल मंडल के सभी छह जिला सहकारी बैंकों में भाजपा समर्थित नेतृत्व को जीत मिली है। पार्टी के अनुसार, पिछले तीन महीनों में तीन हजार से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारी, शिक्षक, पूर्व सैनिक, विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग तथा विपक्षी दलों से जुड़े नागरिक भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। प्रस्ताव में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय