महिला आरक्षण से महिलाओं की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ेगी: रुचि भट्ट

 


देहरादून, 29 नवंबर (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि उन्हें निर्णय लेने का अधिकार और नेतृत्व के समान अवसर उपलब्ध कराना है। महिलाओं को विकास का लाभार्थी भर नहीं, बल्कि विकास का भागीदार और नेतृत्वकर्ता बनाना जरूरी है।

रविवार को पार्टी मुख्यालय में रुचि भट्ट ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2023 में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक संवैधानिक पहल है। यह देश की आधी आबादी को नीति निर्माण और राष्ट्र के भविष्य से जुड़े निर्णयों में उचित स्थान देने का प्रयास है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र अधिक समावेशी और प्रतिनिधिक बनेगा।

उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वयं सहायता समूहों, उद्यमिता, कृषि, विज्ञान, तकनीक, प्रशासन और सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी नेतृत्व क्षमता साबित कर रही हैं। महिला आरक्षण इस बदलाव को राजनीतिक और संवैधानिक स्तर पर आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिला आरक्षण सामाजिक न्याय और समावेशी लोकतंत्र को भी मजबूती देगा। अनुसूचित जाति, जनजाति, ग्रामीण और वंचित वर्गों की महिलाओं को भी नेतृत्व के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय सहमति बनाने की आवश्यकता जताई।

उन्होंने कहा कि नारी का सम्मान भारतीय संस्कृति का संस्कार और नारी का नेतृत्व विकसित भारत का आधार है। महिलाओं की सक्रिय राजनीतिक भागीदारी आने वाली पीढ़ियों की बेटियों के लिए नेतृत्व और आत्मविश्वास के नए अवसर खोलेगी।

प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी, प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मी अग्रवाल और सह कार्यालय प्रभारी बबली चौहान उपस्थित रहीं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय