प्रशिक्षण महाअभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला राष्ट्रहित और अंत्योदय का संदेश

 


देहरादून, 09 मई (हि.स.)। भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का वैचारिक अभियान है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अंत्योदय, सेवा और 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' की भावना के साथ कार्य कर रहा है।

शनिवार को पटेल नगर स्थित एक होटल में आयोजित प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे राज्यसभा सांसद एवं क्षेत्रीय प्रभारी अमरपाल मौर्य ने यह बातें कही। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में 12 सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यपद्धति, वैचारिक अधिष्ठान, मीडिया प्रबंधन, समसामयिक चुनौतियों और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के निर्माण के लिए मजबूत संगठन और प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है, ताकि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। भाजपा का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए संगठन लगातार कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित कर रहा है, ताकि वे जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की संगठनात्मक कार्यपद्धति, अनुशासन, सेवा भाव और “राष्ट्रहित सर्वोपरि” के मूल मंत्र पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल दर्शन पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “एकात्म मानववाद” पर आधारित है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की सोच को मजबूत करता है।

प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग भाजपा की स्वाभाविक संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, जिनके माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और वैचारिक स्पष्टता का संचार होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित जीवंत संगठन है।

राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल ने सक्षम और समर्पित कार्यकर्ता निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका उद्देश्य बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण करना है।

महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है।

राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ विषय पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में भाजपा की वैचारिक यात्रा, संगठनात्मक विकास और राष्ट्रसेवा के संकल्प को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।

प्रदर्शनी के माध्यम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों को दर्शाया गया। साथ ही भाजपा के इतिहास, संगठन की कार्यपद्धति, राष्ट्रहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों, सेवा कार्यों और कार्यकर्ताओं के योगदान को भी प्रेरणादायी स्वरूप में प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, महानगर सह प्रभारी संजय गुप्ता, विधायक विनोद चमोली, विधायक सविता कपूर, विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ और मेयर सौरभ थपलियाल सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय