कांग्रेस जनादेश की समीक्षा करे, न्याय यात्रा राजनीतिक नौटंकी: कुंदन परिहार
नई टिहरी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने गुरुवार को कांग्रेस की न्याय यात्रा को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस को जनादेश स्वीकार कर अपनी हार की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव आयोग, ईवीएम और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर रही है।
आज भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि देश में पहले भी कई बार एसआईआर हुआ है, लेकिन भाजपा ने कभी इसका विरोध नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने हार से सबक लेकर अपनी रणनीति में सुधार किया और सफलता हासिल की।
उन्होंने कहा कि एसआईआर के माध्यम से घुसपैठियों, मृत मतदाताओं, दोहरे पंजीकरण और अन्य अपात्र प्रविष्टियों की पहचान कर नियमानुसार उन्हें हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाती है। परिहार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस प्रक्रिया पर सवाल उठाकर मतदाताओं का भी अपमान कर रही है।
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर धार्मिक मुद्दों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के समय मंदिरों में जाती है, जबकि अन्य समय मस्जिदों का रुख करती है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल में पटवारी भर्ती और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी भर्ती सहित विभिन्न नियुक्तियों में कथित भ्रष्टाचार के मामलों का उल्लेख करते हुए पार्टी से इन आरोपों पर जवाब देने को कहा।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर परिहार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 60 सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट, जिलाध्यक्ष उदय रावत, सहप्रभारी सतेंद्र राणा, दायित्वधारी सोना सजवाण, खेम सिंह चौहान, जोत सिंह बिष्ट, राजेश नौटियाल, विनोद रतूड़ी और पूर्व विधायक धन सिंह नेगी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी