महिला आरक्षण पर विशेष सत्र का स्वागत, कांग्रेस का प्रदर्शन ‘राजनीतिक ढोंग’: महेंद्र भट्ट

 


देहरादून, 23 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भटृ ने महिला आरक्षण के लिए प्रस्तावित विशेष सत्र का स्वागत किया और आज कांग्रेस के प्रदर्शन को 'राजनीतिक ढोंग' करार दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस एक ओर संसद में महिला आरक्षण का विरोध करती है, जबकि दूसरी ओर राज्य में इसके समर्थन का दिखावा कर रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोगलापन बताया।

श्री भट्ट ने कहा कि 28 अप्रैल को प्रस्तावित विशेष सत्र जनभावनाओं के सम्मान और महिलाओं के अधिकारों के समर्थन का मंच बनेगा। उनके अनुसार, इस सत्र के माध्यम से राज्य की जनता की भावना देश के सामने रखी जाएगी।

भाजपा नेता ने विधानसभा के बाहर हुए कांग्रेस के धरने को राजनीतिक नाटक बताते हुए कहा कि यह केवल “पाप से पीछा छुड़ाने की कोशिश” है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस यदि वास्तव में महिला आरक्षण के पक्ष में होती, तो संसद में संबंधित विधेयक का समर्थन करती।

उन्होंने कहा कि जनता संवैधानिक प्रक्रियाओं को समझती है और कांग्रेस के रुख को भली-भांति देख रही है। उन्होंने दावा किया कि महिला अधिकारों के मुद्दे पर कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट हो चुकी है और इसका असर आगामी चुनावों में दिखाई देगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय