राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे की तैयारियों में जुटी भाजपा, 25 से अधिक स्थानों पर होगा अभिनंदन

 




देहरादून, 24 मई (हि. स.)। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड प्रवास को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक परिधानों में उत्साहपूर्वक एवं सादगीपूर्ण स्वागत किया जाएगा। इसके तहत प्रदेशभर में 25 से अधिक स्थानों पर अभिनंदन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कार्यक्रमों से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 28 मई को सायं 4:35 पर देहरादून जौली ग्रांट हाइट हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। जहां से वह सीधे प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेश कार्यालय में 6.15 से कोर कमेटी एवं तत्पश्चात मंत्रियों की बैठक लेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रवास के दूसरे दिन में वे प्रातः मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी. सी खंडूरी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे एवं शोक संपत परिजनों से मुलाकात करेंगे। उसके बाद वे राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल पहुंचकर 11 बजे से विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकों में सम्मिलित होंगे। जिसमें सबसे पहले सांसद विधायकों के साथ बैठक, उसके बाद दोपहर 2 बजे से प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री जिला प्रभारी, सह प्रभारी एवं जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। इसके उपरांत शाम 4 बजे से वह महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुखों के साथ चर्चा करेंगे। सांयकॉल वे मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी एवं प्रदेश प्रवक्ता की बैठक लेंगे।

प्रवास के अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष के डकरा, गड़ी कैंट स्थित आवास पर जलपान करेंगे। तत्पश्चात वहां से बूथ समिति 138, दुर्गामल्ल मंडल की बैठक में शामिल होंगे। उसके बाद वे शिवालिक कॉलेज आफ इंजीनियरिंग सिंहनीवाला में 11 बजे से आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करेंगे। उसके बाद दोपहर 2 बजे से सीएम आवास स्थित मुख्य मुख्य सेवक सदन में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात नबीन सांय 4.35 बजे वे ज्योलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय