गैरसैंण सत्र में सकारात्मक भूमिका निभाए विपक्ष : महेंद्र भट्ट
-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के घेराव के ऐलान को बताया नकारात्मक राजनीति
देहरादून, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस द्वारा घेराव और प्रदर्शन की घोषणा को नकारात्मक राजनीति करार देते हुए विपक्ष से सत्र में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की है।
महेंद्र भट्ट ने रविवार को कांग्रेस प्रभारी की ओर से घेराव और प्रदर्शन की घोषणा के संबंध में पूछे गए सवालों के जवाब में कहा कि पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस ने सदन के बाहर घेराव और अंदर हंगामे में समय बर्बाद किया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने और क्षेत्रीय समस्याओं को उठाने का महत्वपूर्ण मंच है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने विधानसभा के विभिन्न सत्रों में जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा करने के बजाय हंगामा करने पर अधिक ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि कई अवसरों पर सरकार और सत्ता पक्ष द्वारा महत्वपूर्ण विषयों तथा विधेयकों पर चर्चा के दौरान भी विपक्ष ने व्यवधान पैदा किया।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल अपने अंतिम चरण में है और प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण के लिए इस सत्र का सदुपयोग करना सभी जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। उन्होंने विपक्ष से पुराने अनुभवों को पीछे छोड़कर सदन में सकारात्मक रुख अपनाने और जनहित के विषयों पर चर्चा में भाग लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को घेराव और प्रदर्शन की घोषणा पर पुनर्विचार करना चाहिए। भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता और विधायक जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के बजाय राजनीतिक गतिविधियों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता विपक्ष की भूमिका और उसके व्यवहार को देख रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस आगामी सत्र में व्यवधान के बजाय जनहित के मुद्दों पर चर्चा को प्राथमिकता देगी।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय