भाजपा प्रकोष्ठ की कार्यशाला में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प
हरिद्वार, 14 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों की संयुक्त कार्यशाला मंगलवार को जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
कार्यशाला में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने, सेवा गतिविधियों का विस्तार और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति पर मंथन हुआ।
राज्य मंत्री विनय रूहेला ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानसून को देखते हुए नालों की सफाई, सड़कों-पुलों की मरम्मत, जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी, चिकित्सा, पेयजल और विद्युत व्यवस्था को प्राथमिकता से मजबूत किया जा रहा है।
प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुभानंद जोशी ने कहा कि सभी प्रकोष्ठ संगठन की रीढ़ हैं और समाज के हर वर्ग से संवाद स्थापित करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने संगठन विस्तार, सामाजिक सहभागिता, सेवा कार्य और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया। वहीं प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के नए मानक स्थापित कर रही है।
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने सभी प्रकोष्ठों से समन्वय कर कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को कहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप गौड़ ने किया।
कार्यशाला में पदाधिकारियों को संगठन की कार्यपद्धति, अनुशासन, संवाद कौशल, सोशल मीडिया के उपयोग और सेवा कार्यों को गति देने का मार्गदर्शन दिया गया। अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और भाजपा की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला