भाजपा प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में विकसित भारत-2047 के संकल्प पर हुआ मंथन
हरिद्वार, 14 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को एक प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया गया। गंगानगरी स्थित एक होटल में आयोजित सम्मेलन में समाज के विभिन्न बौद्धिक एवं पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े वरिष्ठ चिकित्सकों, शिक्षाविदों, अभियंताओं, अधिवक्ताओं, पूर्व सैन्य अधिकारियों, साहित्यकारों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भेल से सेवानिवृत्त मानव संसाधन महाप्रबंधक एसके अग्रवाल ने की।
इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग किसी भी समाज की दिशा और दशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आधारभूत संरचना के विस्तार, डिजिटल क्रांति और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा ने देश को नई पहचान दिलाई है।
सम्मेलन में भाजपा जिला महामंत्री संजीव चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, आर्थिक सुधारों तथा तेजी से हो रहे आधारभूत विकास ने देश को नई दिशा दी है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों ने देश, प्रदेश और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव और विचार रखे। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों को नीति निर्माण और संगठनात्मक गतिविधियों में महत्व दिया जाएगा।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विपिन शर्मा, वरुण वशिष्ठ, अशोक मेहता, आशीष झा, संदीप राठी, वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार, तरसेम सिंह चौहान, गौरव कपिल, शिक्षाविद शशिभूषण पांडेय, रतनलाल, कवि सुभाष मलिक, रेखा सिंघल, डॉ. रोहित सिंघल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सम्मेलन का समापन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सहभागिता और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला