कांग्रेस की रैली का रद्द होना 2027 के रुझान का संकेत: मनवीर चौहान
देहरादून, 04 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तराखंड की सभाओं में न जाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस की रैली का रद्द होना आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के राजनीतिक संकेतों को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मंशा में खोट है और जनता अब उसके दुष्प्रचार से प्रभावित होने वाली नहीं है।
मनवीर चौहान ने गुरुवार काे एक बयानजारी कर कहा कि कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी के दौरे को लेकर किए गए दावे वास्तविकता से परे हैं। उनका कहना है कि राहुल गांधी जब भी उत्तराखंड आते हैं तो रचनात्मक सुझाव देने के बजाय तुष्टिकरण और विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा देने का प्रयास करते हैं, जिससे राज्य को कोई लाभ नहीं होता।
भाजपा नेता ने कांग्रेस के सैनिकों से संवाद कार्यक्रम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सेना और पूर्व सैनिकों पर लगातार सवाल उठाने वाली कांग्रेस का सैनिकों से मिलने का कार्यक्रम विरोधाभासी प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सैनिकों के मुद्दों का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। चौहान ने अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी शुरू से ही इस मुद्दे के माध्यम से राजनीतिक लाभ लेने की मंशा रखती थी और हाल की गतिविधियां भी उसी दिशा में संकेत करती हैं।
मीडिया प्रभारी ने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और किसी भ्रम में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता से दूरी और दुष्प्रचार की राजनीति का खामियाजा कांग्रेस को भविष्य में भुगतना पड़ेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय