भाजपा ने मनाया आपातकाल की बरसी पर मनाया ‘काला दिवस
नैनीताल, 25 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी नैनीताल मंडल ने नैनीताल क्लब में वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल की स्मृति में गुरुवार को ‘काला दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हुए प्रहार को स्मरण करते हुए लोकतंत्र सेनानियों को उनके योगदान का स्मरण करते हुए याद किया गया और लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया गया।
नैनीताल क्लब में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नैनीताल की विधायक सरिता आर्या ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय था, जब संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों को कुचलने का प्रयास किया गया। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक के जागरूक रहने की आवश्यकता पर बल दिया।
भाजपा नैनीताल मंडल के अध्यक्ष नितिन कार्की ने कहा कि आपातकाल का दौर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सदैव सजग रहने का संदेश देता है तथा भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य कर रही है। कार्यक्रम में भारत मेहरा, निखिल बिष्ट, मोहित साह, आनंद बिष्ट, हेमंत बेदी, गौरव हार्पर, अभिषेक आर्या, शैलेंद्र बर्गली, युवराज करायत, पायल, नवनीत नेगी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी