नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा का जनजागरण अभियान

 


-पदयात्रा, स्कूटी रैली और मानव श्रृंखला से मांगा जनसमर्थन

देहरादून, 17 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में शुक्रवार को जनजागरण अभियान चलाते हुए पदयात्रा, स्कूटी रैली और मानव श्रृंखला जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान अभियान के तहत महिलाओं और आम नागरिकों को अधिनियम के प्रावधानों, अधिकारों और लाभों के प्रति जागरूक किया गया।

परेड ग्राउंड स्थित महानगर कार्यालय से महिला और युवा मोर्चा के नेतृत्व में कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चलाकर लोगों से अधिनियम के समर्थन में अपनी भागीदारी दर्ज कराने की अपील की गई।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि यह अधिनियम लंबे समय से महिलाओं की मांग रहा है और इसके माध्यम से महिलाओं की भागीदारी को नई दिशा मिलेगी।

वहीं, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह केवल आरक्षण का प्रावधान नहीं,बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने की मुख्यधारा में शामिल करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को मिले सम्मान और अवसर अभूतपूर्व हैं तथा यह अधिनियम उसी सोच का विस्तार है। महिला मोर्चा जनजागरण अभियान के माध्यम से इस संदेश को घर-घर तक पहुंचा रहा है।

मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी ने बताया कि जनजागरण अभियान में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता रही, जिससे महिला सशक्तिकरण को व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि रैली में हजारों वाहनों और पदयात्रियों ने भाग लेते हुए हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से अधिनियम के पक्ष में जनसमर्थन जुटाया। उन्होंने अपील की कि ऐसे जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी कर महिला सशक्तिकरण के इस प्रयास को और मजबूत बनाएं।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी,महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री हिमानी वैष्णव,प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा,प्रदेश मंत्री कविता शाह,मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ.दिव्या नेगी, कार्यालय सह प्रभारी बबली चौहान, गढ़वाल सह संयोजक अर्चना बागड़ी,प्रदेश प्रवक्ता जानकी नोटियाल,युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विपुल मेंदोली,प्रदेश उपाध्यक्ष प्रगति,महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन सिंह,युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुलदीप पंत, मंडल अध्यक्ष सुषमा कुकरेती, मंडल अध्यक्ष पूनम शर्मा और महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष वैजयंती माला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय