मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा का विधानसभा स्तर पर जनसंपर्क अभियान
देहरादून, 11 जून (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तराखंड में व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। 'बारह साल विकास के, जन कल्याण के' संदेश के साथ मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी विधानसभा स्तर पर प्रवास कर जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को लेकर संवाद करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। इन 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी ने विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां तय की हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान भविष्य के चुनावों में पार्टी के जनाधार को और मजबूत बनाने का आधार बनेगा।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत के अनुसार 13 से 16 जून के बीच आयोजित दो दिवसीय प्रवास कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा विधानसभा क्षेत्र में प्रवास करेंगे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बाजपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद करेंगे।
अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री, सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बूथ एवं मंडल स्तर की बैठकों में भाग लेंगे। साथ ही जनता के साथ संवाद कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी देंगे तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव भी प्राप्त करेंगे।
भाजपा के अनुसार यह अभियान राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा, जिसमें पार्टी संगठन और जनप्रतिनिधि सीधे जनता के बीच पहुंचकर डबल इंजन सरकार के कार्यों को लेकर संवाद स्थापित करेंगे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय