भाजपा विधायक अरविंद पांडेय ने वायरल पत्र को बताया काल्पनिक

 


देहरादून, 04 मई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अरविंद पांडेय ने कथित वायरल पत्र को पूरी तरह काल्पनिक बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हर मुद्दे पर तत्काल प्रतिक्रिया देना आवश्यक नहीं है, लेकिन झूठे और मनगढ़ंत आरोपों के आधार पर राजनीतिक माहौल बिगाड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है।

सोमवार को बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में बच्चा विधायक अरविंद पाण्डेय पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक हैं। उन्होंने कहा कि उनका कोई निजी प्रभाव नहीं है, बल्कि वे संगठन की विचारधारा और अनुशासन के तहत कार्य करते हैं। 'मैं भाजपा का सिपाही हूं,' और संघ का स्वयंसेवक हूं।

उन्होंने कहा कि संगठन का प्रभाव मेरे काम में दिखता है, कोई व्यक्तिगत एजेंडा नहीं है। वायरल पत्र के मुद्दे पर उन्होंने दो टूक कहा कि इसका उनसे कोई लेना-देना नहीं है। यह पत्र पूरी तरह काल्पनिक है और इसे राजनीतिक लाभ के लिए फैलाया गया है। उन्होंने कांग्रेस से प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की हरकतें लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं।

विधायक ने आगे कहा कि हाल ही में पांच राज्यों में हुए चुनावों के परिणाम यह संकेत देते हैं कि भाजपा लगातार आगे बढ़ रही है और जनता का विश्वास पार्टी के साथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भाजपा के बढ़ते प्रभाव से घबराकर इस तरह के निराधार आरोपों का सहारा ले रही है। उन्होंने दोहराया कि पार्टी पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर काम करती है और किसी भी तरह के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

इस दौरान भाजपा की महामंत्री दीप्ति रावत ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधायक जी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है, जो पूरी तरह निंदनीय है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इस प्रकार की राजनीति से जनता का विश्वास कमजोर होता है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने दीप्ति रावत ने कहा कि मामले में सुखदेव सिंह नामधारी से भी स्पष्टीकरण लिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन इस पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा कर रहा है और सच्चाई सामने लाई जाएगी। पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी सहित अन्य मौजूद हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय