भाजपा जिला पदाधिकारियों की बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर मंथन
हरिद्वार, 28 मई (हि.स.)। भारतीय जनता (भाजपा) पार्टी जिला कार्यालय में गुरुवार को जिला पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गत माह के कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना को आधुनिक संसाधनों और हथियारों से सशक्त किया गया है। कश्मीर से धारा 370 हटाकर आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया तथा नक्सलवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर देश में अमन और चौन कायम किया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को उनका अधिकार देने का कार्य किया है। गरीब कल्याण की योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना और हर घर स्वच्छ जल अभियान जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। वहीं किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि, सिंचाई, बीमा एवं कृषि तकनीक से जुड़ी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचा है।
आशुतोष शर्मा ने बताया कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 5 जून को सभी मंडलों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा 8 जून से 14 दिनों तक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा 12 जून को जिला स्तर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। जिला पदाधिकारी प्रत्येक बूथ पर जाकर केंद्र एवं उत्तराखंड सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे। विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के तहत युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा 16 से 18 जून तक जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
बैठक में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी जिला स्तर पर लगाने तथा बहादराबाद एवं लक्सर ब्लॉक में जनकल्याण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट एवं संजीव चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, निपेंद्र चौधरी, आशु चौधरी, सीमा चौहान, तरुण नय्यर सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला