महिला सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल : मुख्यमंत्री धामी

 




-'महिला नेतृत्व में विकास' के विजन को आगे बढ़ा रही राज्य सरकार, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर

देहरादून, 14 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि महिला सशक्तीकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'महिला नेतृत्व में विकास' के विजन को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश महिला मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल से शिष्टाचार भेंट कर उनके पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान महिला सशक्तीकरण,राज्य के विकास तथा महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक भागीदारी से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य और राष्ट्र का समग्र विकास तभी संभव है, जब महिलाओं को समान अवसर, सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया और विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों ने महिलाओं के जीवन में व्यापक सकारात्मक बदलाव लाया है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों की महिलाओं को इन योजनाओं से काफी लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने, स्थानीय निकायों में उनकी भागीदारी बढ़ाने, 'लखपति दीदी' अभियान को गति देने और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी, दुग्ध उत्पादन, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन और डिजिटल सेवाओं जैसे क्षेत्रों में महिलाएं नई पहचान बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन को भी बढ़ावा दे रही है, जिससे उनकी आय में वृद्धि होने के साथ उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि राज्य की प्रत्येक बेटी, बहन और मातृशक्ति को समान अवसर और सम्मान मिले तथा वे विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री धामी को उनके पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए महिला कल्याण और सशक्तीकरण के क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय