अमित शाह की जनसभा और पदयात्रा में 25 हजार से अधिक लोग होंगे शामिल : महेंद्र भट्ट

 


देहरादून, 02 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छह नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होने वाली पदयात्रा और जनसभा में 25 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि देहरादून में विपक्ष की दिल्ली रैली से अधिक संख्या में लोग पदयात्रा में भाग लेंगे।

सोमवार को जारी बयान में भट्ट ने कहा कि विपक्ष की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ भाजपा देशभर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान चला रही है। इसके तहत उत्तराखंड में पांच स्थानों पर पदयात्राएं और जनसभाएं आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में छह नवंबर को देहरादून के परेड ग्राउंड में पदयात्रा होगी, जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे।

उन्होंने दावा किया कि देहरादून महानगर, ऋषिकेश, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार जिले से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता और अन्य लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्ष की राजनीति को लेकर जनता में आक्रोश है और कार्यकर्ताओं में अमित शाह का मार्गदर्शन सुनने को लेकर उत्साह है।

महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से निराश विपक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों के समर्थन में उत्तराखंड की जनता भी अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करेगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय