भाजपा का सभी 11 नगर निगमों में जीत का दावा, श्रीनगर मेयर समेत 10 पार्षद पार्टी में शामिल
देहरादून, 19 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश के सभी 11 नगर निगमों में पार्टी के महापौर होने को राजनीतिक उपलब्धि बताते हुए श्रीनगर नगर निगम में निर्दलीय महापौर आरती भंडारी समेत 10 पार्षदों को पार्टी में बुधवार को शामिल कराया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की मौजूदगी में आज प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सभी नए सदस्यों का पार्टी पटका पहनाकर स्वागत किया गया।
आरती भंडारी के साथ उनके पति एवं वरिष्ठ नेता लखपत भंडारी ने भी भाजपा में वापसी की। पार्टी में शामिल होने वाले पार्षदों में निर्दलीय पार्षद अंजनी भंडारी, मीणा देवी, भावना चौहान, प्रवेश चमोली, विजय कुमार चमोली, आशीष नेगी, धर्म सिंह रावत और नरेंद्र सिंह रावत के अलावा कांग्रेस के पार्षद राजकुमार और अनुराग चौहान शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि नए सदस्यों के भाजपा में शामिल होने से श्रीनगर में पार्टी को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि आरती भंडारी और लखपत भंडारी के भाजपा में लौटने से ऐसा लग रहा है जैसे परिवार के पुराने सदस्य फिर एक साथ आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विश्वास जताकर भाजपा से जुड़ने वाले सभी लोगों के मान-सम्मान और प्रतिष्ठा का ध्यान रखा जाएगा। भट्ट ने कहा कि अब पार्टी नई ऊर्जा के साथ वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ेगी।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर में अब विकास कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ट्रिपल इंजन की सरकार होने से विकास की रफ्तार बढ़ेगी। उन्होंने घोषणा की कि शीघ्र ही श्रीनगर में बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर अन्य लोगों को भी भाजपा में शामिल कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्धारित लक्ष्य के अनुसार विधानसभा क्षेत्र में चुनाव से पहले करीब एक हजार नए लोगों को भाजपा से जोड़ा जाएगा।
डॉ. रावत ने कहा कि श्रीनगर को 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की योजना पर करीब 72 करोड़ रुपये की लागत से कार्य शुरू किया जा चुका है।
भाजपा में शामिल हुईं श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी ने कहा कि उनकी विचारधारा पहले भी भाजपा के साथ थी और अब वह पुनः अपने राजनीतिक परिवार में लौटी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सनातन धर्म और संस्कृति को केंद्र में रखकर कार्य करती है, जो उनकी मूल भावना के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में परिस्थितियों के कारण उन्हें अलग होकर चुनाव लड़ना पड़ा था, लेकिन उनकी विचारधारा भाजपा के प्रति हमेशा कायम रही।
लखपत भंडारी ने कहा कि कई लोगों ने उन्हें अपने साथ जोड़ने के प्रयास किए, लेकिन उनकी विचारधारा भाजपा परिवार से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी आरती भंडारी ने भी स्पष्ट किया था कि यदि किसी पार्टी में शामिल होना है तो भाजपा में ही शामिल होंगे।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, पौड़ी जिला प्रभारी नलिन भट्ट और पौड़ी जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय