जैनी प्रकरण पर कांग्रेस नेतृत्व अपनी स्थिति स्पष्ट करे : विनोद चमोली
-भाजपा ने कांग्रेस नेताओं की जवाबदेही और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा पर उठाए सवाल
देहरादून, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा ने जैनी प्रकरण को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली ने सवाल किया कि इस प्रकरण पर कांग्रेस के नेता खामोश क्यों हैं और वे जनता के सामने अपना पक्ष क्यों नहीं रख रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में चमोली के हवाले से कहा गया कि जनता से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने वाले नेताओं को अपने पुराने विवादों पर भी तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल और उसके नेताओं को सवालों का जवाब देने के लिए तैयार रहना चाहिए। किसी पुराने प्रकरण पर चर्चा होने पर राजनीतिक बयानबाजी या एक-दूसरे को चेतावनी देने के बजाय तथ्यों के आधार पर बात होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जैनी प्रकरण जैसे पुराने और चर्चित मामले पर कांग्रेस नेतृत्व को अपनी स्पष्ट स्थिति जनता के सामने रखनी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और जवाबदेही किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं होनी चाहिए। जो नेता दूसरों से नैतिकता और जिम्मेदारी की अपेक्षा करते हैं, उनसे भी अपने से जुड़े विवादों पर स्पष्ट जवाब देने की अपेक्षा की जाती है।
चमोली ने कहा कि कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत की ओर से भाजपा नेताओं को चेतावनी दिए जाने के बाद यह बहस और तेज हो गई है। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व की जिम्मेदारी है कि वह राजनीतिक बयानबाजी के बजाय तथ्यों के आधार पर जनता के सवालों का जवाब दे।
उन्होंने कहा कि जनता को किसी भी मामले में भ्रमित करने के बजाय सच्चाई सामने आनी चाहिए। सार्वजनिक जीवन में मर्यादा, पारदर्शिता और जवाबदेही लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय