पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पार्टी प्रतिबद्ध, कांग्रेस आरोपित नेता को पद और पार्टी से बाहर करे: दीप्ति रावत
देहरादून, 07 नवंबर (हि.स.)। भाजपा ने कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत पर लगे दुष्कर्म के आरोपों को गंभीर बताते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता जताई है। भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कांग्रेस नेतृत्व से हरक सिंह रावत को तत्काल पद और पार्टी से निष्कासित करने की मांग की।
शनिवार को जेनी की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए दीप्ति रावत ने कहा कि भाजपा का पहले से ही स्पष्ट मत रहा है कि वास्तविक पीड़िता का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जेनी ने आज पूरे घटनाक्रम को सामने रखते हुए न्याय का रास्ता चुना है। भाजपा उनके इस कदम का स्वागत करती है।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को न्याय मांगने का अधिकार है। पीड़िता यदि मामले में सरकार से सहयोग की अपेक्षा करती हैं तो सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
दीप्ति रावत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस व्यक्ति पर दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगे हैं, उसे कांग्रेस ने चुनाव संचालन समिति का अध्यक्ष बनाया है। यदि कांग्रेस नेतृत्व में थोड़ी भी नैतिकता शेष है तो उसे ऐसे नेता को तत्काल पद और पार्टी से बाहर करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले ने कांग्रेस के महिला सम्मान और महिला सुरक्षा से जुड़े दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय