भाजपा बूथ व गांव स्तर पर मनाएगी स्थापना दिवस

 


देहरादून, 31 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तराखंड इकाई अपने स्थापना दिवस को इस वर्ष बूथ एवं गांव स्तर पर व्यापक जनसहभागिता के साथ मनाने जा रही है। कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक सहित सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। गांवों और बूथों पर विचारधारा के साथ सरकार की योजनाओं को कार्यकर्ता आगे बढ़ाएंगे।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने मंगलवार क़ो विज्ञप्ति में बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस प्रदेशभर में भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसके तहत 5 से 12 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे,जिनका उद्देश्य पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा,प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के समर्पण के कारण भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने भाजपा को विकास, विश्वास और राष्ट्र निर्माण का पर्याय बताया।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि 5 से 7 अप्रैल तक सभी पार्टी कार्यालयों को सजाया जाएगा और 6 अप्रैल को ध्वजारोहण, उद्बोधन और मिष्ठान वितरण कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही बूथ स्तर पर कार्यकर्ता एकत्रित होकर स्थापना दिवस मनाएंगे। उन्होंने बताया कि 08 और 09 अप्रैल को जिलों में सक्रिय सदस्यों के सम्मेलन आयोजित होंगे, जबकि 7 से 12 अप्रैल के बीच ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान जनप्रतिनिधि गांवों में जाकर जनसंपर्क करेंगे,स्वच्छता अभियान चलाएंगे,वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करेंगे और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे।

मनवीर चौहान ने बताया कि कार्यक्रमों के समन्वय के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बिष्ट को संयोजक बनाया गया है,जबकि प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान,गुंजन सुखीजा और गौरव पाण्डे को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह जिला स्तर कार्यक्रमों की योजना एवं क्रियान्वयन के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय