चौरीखाल शक्ति केंद्र की बैठक में भाजपा ने भरी चुनावी हुंकार
पौड़ी गढ़वाल, 15 नवंबर (हि.स.)। राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रविवार को श्रीनगर विधानसभा के चौरीखाल शक्ति केंद्र में भाजपा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के बूथ नौगांव समेत सात बूथों के कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा और श्रीनगर विधानसभा सीट पर जीत की हैट्रिक लगाने का संकल्प लिया।
बैठक में भाजपा जिला महामंत्री गणेश भट्ट मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के उद्देश्य और पार्टी की ओर से आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेशभर के शक्ति केंद्रों पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों को याद कर रही है। राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में चौरीखाल शक्ति केंद्र में भी राज्य आंदोलन के साक्षी रहे आंदोलनकारियों का सम्मान किया गया।बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के बूथ नौगांव समेत चुठाणी, नालई, मरगांव, मथिगांव, चोपड़ा और गोदा बूथ के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत राज्य आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों के योगदान को याद किया गया। साथ ही राज्य निर्माण आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य वक्ता गणेश भट्ट ने कहा कि भाजपा प्रदेशभर में शक्ति केंद्र स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर राज्य आंदोलन के इतिहास और आंदोलनकारियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा में डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, धार्मिक और आध्यात्मिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं। बूंखाल कालिका मंदिर के भव्य स्वरूप को उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उदाहरण बताया।
गणेश भट्ट ने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ता डॉ. धन सिंह रावत के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा श्रीनगर विधानसभा में जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं, जिससे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह