हरिद्वार में भाजपा ने कसी चुनावी तैयारी, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

 


हरिद्वार, 17 अगस्त (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय जगजीतपुर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में आने का आह्वान किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना ही 2027 में जीत की कुंजी है। कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। सभी एकजुट होकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति दें और भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाएं।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने जनहित के अनेक कार्य किए हैं। जनता भाजपा के साथ है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में हरिद्वार जिले की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा विजयी होगी।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बूथ समितियों को सक्रिय करने, नए मतदाताओं को जोड़ने और केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर दिया। जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि जिले में संगठनात्मक प्रवास, सदस्यता अभियान और प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि 2017 में जनता ने जो विश्वास जताया था, उसे 2027 में और मजबूत करना है।

प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान ने मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर बैठकें करने की जानकारी दी।

बैठक में विधायक आदेश चौहान, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, ओम प्रकाश जमदग्नि सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला