भाजपा सभी वर्गों तक पहुंचाएगी चुनावी संदेश, 70 महिला विधानसभा विस्तारक भी होंगी नियुक्त
- मोर्चों और प्रकोष्ठों को सौंपी जनसंपर्क की जिम्मेदारी, कॉर्नर मीटिंग, किसान चौपाल और वर्ग विशेष सम्मेलनों के जरिए साधेगी मतदाता
देहरादून, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों तक पहुंच बनाने के लिए अपने मोर्चों एवं प्रकोष्ठों को सक्रिय करने की रणनीति बनाई है। इसके तहत पार्टी कॉर्नर मीटिंग, ड्राइंग रूम मीटिंग, किसान चौपाल, मोटरसाइकिल रैली और विधानसभा स्तर पर वर्ग विशेष सम्मेलनों के माध्यम से जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इसके साथ ही पार्टी सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में महिला विस्तारकों की नियुक्ति भी करने जा रही है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को मीडिया से बातचीत में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि पार्टी ने समाज के विभिन्न वर्गों, जातियों और क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत युवा मोर्चा प्रदेश के 3,032 शक्ति केंद्रों पर एक-एक कॉर्नर मीटिंग आयोजित करेगा। इसके अलावा विधानसभा स्तर पर मोटरसाइकिल रैलियां निकालने के साथ महाविद्यालयों, कोचिंग सेंटरों और अन्य स्थानों पर युवाओं से संपर्क किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर युवा सम्मेलन भी आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि महिला मोर्चा प्रदेश के सभी 12,543 बूथों पर ड्राइंग रूम मीटिंग आयोजित करेगा। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों के साथ संपर्क और विधानसभा स्तर पर महिला सम्मेलन किए जाएंगे। किसान मोर्चा प्रदेश के सभी 304 मंडलों में किसान चौपाल लगाएगा। वहीं अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक मोर्चा अपने-अपने समाज के बीच विधानसभा स्तर पर कार्यक्रम और सम्मेलन आयोजित करेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्धजनों के बड़े सम्मेलन भी प्रस्तावित हैं।
परिहार ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी का प्रयास मुख्य संगठन के साथ-साथ मोर्चों और प्रकोष्ठों के सहयोग से समाज के प्रत्येक वर्ग और क्षेत्र तक पहुंचना है। इन गतिविधियों से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।
वहीं,प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने बताया कि भाजपा अपनी विस्तारक योजना के तहत सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 70 पूर्णकालिक विस्तारकों की नियुक्ति कर चुकी है। इसी क्रम में अब 70 महिला विस्तारक भी नियुक्त की जाएंगी। ये प्रवासी महिला कार्यकर्ता संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में रहकर पार्टी के कार्यक्रमों को महिलाओं और मातृशक्ति के बीच पहुंचाएंगी।
बंसल ने कहा कि पार्टी की सफलता में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके सहयोग से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से दिए गए 65 पार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए बनाई गई रणनीति में महिला विस्तारकों की नियुक्ति भी अहम हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल के साथ पार्टी विभिन्न मोर्चों के माध्यम से अलग-अलग वर्गों तक पहुंचने की रणनीति पर काम कर रही है। सरकार की ओर से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाए गए विकास कार्यों को आधार बनाकर पार्टी जनता के बीच समर्थन जुटाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय