भाजपा ने विधानसभा चुनाव में तीसरी बार 60 पार का लक्ष्य रखा

 


-महेंद्र भट्ट ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया, नरेश बंसल ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। प्रेम आश्रम में आयोजित में रविवार को पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की पारित राजनीतिक प्रस्ताव में डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर दिया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने रविवार को बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में उत्तराखंड में विकास और विरासत के क्षेत्र में कई काम हुए हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम में सुविधाओं के विस्तार, सड़क और हवाई संपर्क में सुधार तथा निवेश बढ़ने से पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़े हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश को आगे बढ़ा रहे हैं।

भट्ट ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने दावा किया कि अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि मुक्त कराई गई है। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून और लखपति दीदी योजना से युवाओं तथा महिलाओं को लाभ मिला है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचना होगा। इसके लिए पंजाबी, सिख, ओबीसी, अनुसूचित जनजाति, युवा और महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर जन आशीर्वाद यात्रा भी निकाली जाएगी।

बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश करते हुए राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने कहा कि उत्तराखंड लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद बना है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य बनाया और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इसे विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में केंद्र सरकार की ढाई लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं संचालित हैं। इनमें जमरानी, लखवाड़, किसाऊ और त्यूणी-प्लासू बांध परियोजनाएं शामिल हैं।

बंसल ने कहा कि चारधाम यात्रा, योग, आध्यात्मिक और साहसिक पर्यटन के कारण उत्तराखंड देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना है। उन्होंने दावा किया कि इस वर्ष करीब 63 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की। उन्होंने होमस्टे योजना को ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और रिवर्स पलायन का माध्यम बताया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 2,200 स्टार्टअप संचालित हैं और 47 हजार स्वयं सहायता समूह महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण में योगदान दे रहे हैं। सरकार ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण, खिलाड़ियों को चार प्रतिशत आरक्षण तथा राज्य आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया है।

बंसल ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत करीब 300 लोगों को जेल भेजा गया है। उन्होंने खेल, कृषि, बागवानी, स्वास्थ्य और सड़क, रेल तथा हवाई संपर्क के क्षेत्र में हुए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को प्रदेश के पर्यटन और रोजगार के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में उत्तराखंड की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय