तीरथ सिंह रावत के अनुभव का राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा को मिलेगा लाभ: धामी
-कांग्रेस पर धामी का हमला, बोले- उत्तराखंड को जातियों में बांटने की कोशिश सफल नहीं होगी
देहरादून, 02 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का स्वागत किया। धामी ने कहा कि रावत को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व और सम्मान की बात है। इससे प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
धामी ने कहा कि तीरथ सिंह रावत ने संगठन के विभिन्न दायित्वों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली जिम्मेदारी उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव और पार्टी के प्रति समर्पण का सम्मान है। उनके अनुभव का लाभ भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा।
धामी ने कांग्रेस पर उत्तराखंड को जातियों के नाम पर बांटने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास विकास और जनहित के मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वह विभाजन की राजनीति कर रही है। उत्तराखंड की जनता को जातियों में बांटकर राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश सफल नहीं होगी।
हल्द्वानी प्रकरण का उल्लेख करते हुए धामी ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले नारे लगाना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि संबंधित स्थान के शुद्धिकरण के बाद भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा इस मुद्दे पर राजनीति किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड में तुष्टीकरण की राजनीति और धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देवभूमि की शांति, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून पूरी कठोरता से अपना काम करेगा।
विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड भी विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार ने देवभूमि की विशिष्ट पहचान, संस्कृति और मूल स्वरूप को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने स्वागत के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, सांसद नरेश बंसल, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, दीप्ति रावत भारद्वाज समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय