जनता का विश्वास खो चुकी कांग्रेस चुनाव आयोग पर ठीकरा फोड़ रही: महेंद्र भट्ट

 


देहरादून, 09 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर जनादेश और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता का विश्वास हासिल करने में विफल कांग्रेस अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रही है। उन्होंने सवाल किया कि यदि मतदाताओं के वोट काटे गए हैं, तो कांग्रेस प्रभावित लोगों को सामने क्यों नहीं ला रही है।

महेंद्र भट्ट ने शुक्रवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि कांग्रेस का वोट चोरी का आरोप निराधार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कम से कम एक हजार ऐसे मतदाताओं को सामने लाए, जिनके वोट कथित तौर पर काटे गए हैं। उनके अनुसार, मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया अपनाई जाती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। उन्होंने दावा किया कि देश में पहले भी एसआईआर की प्रक्रिया कई बार पूरी हो चुकी है और भाजपा ने चुनाव हारने के बावजूद संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल नहीं उठाए।

महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक अस्तित्व बचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हंगामा करने के लिए उकसाया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि जनता कांग्रेस के आरोपों और उसके विरोध प्रदर्शनों को देख रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को अपने कथित झूठे अभियान के लिए जनता के बीच जवाब देना होगा और इसकी शुरुआत उत्तराखंड से होगी।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय