कांग्रेस बताए कौन से टिकट बिके व 2027 के लिए किसकी एडवांस बुकिंग: विनोद चमोली
देहरादून, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस पर टिकट बेचने के लिए लग रहे आरोपों को गंभीर बताते हुए पार्टी नेतृत्व से तत्काल सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग की है। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव में किन-किन टिकटों की बिक्री हुई और 2027 के लिए किन 25 टिकटों की कथित 'एडवांस बुकिंग' की गई है।
सोमवार को पार्टी मुख्यालय में प्रवक्ता विनोद चमोली ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर लगाए गए लेनदेन के आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को चुनौती देते हुए कहा कि वायरल वीडियो में जिस रकम के लेनदेन का दावा किया गया है,उसका उपयोग कहां हुआ,यह सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व कांग्रेसनेत्री रहीं हैं, जिन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से अपनी करीबी का भी खुलासा किया है। ऐसे में यह कांग्रेस का आंतरिक मामला जरूर है, लेकिन पारदर्शिता और जवाबदेही के तहत नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि कथित धनराशि पार्टी कार्यों में लगी या व्यक्तिगत उपयोग में गई।
उन्होंने आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि 2022 में 18 विधानसभा टिकट बेचने और 2027 के लिए 25 टिकटों का सौदा होने जैसी बातें सामने आ रही हैं, तो यह बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक कांग्रेस की ओर से इन आरोपों का खंडन न किया जाना और न ही कोई कार्रवाई होना कई सवाल खड़े करता है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के संगठन और सरकार दोनों में भ्रष्टाचार के आरोप पहले भी लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में अनियमितताओं के आरोप पूर्व में भी कांग्रेस नेताओं ने लगाए गए थे। अब जब पार्टी से जुड़ी रही एक नेत्री सार्वजनिक रूप से आरोप लगा रही है, तो कांग्रेस नेतृत्व को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। कांग्रेस ने आरोप लगाने वाली महिला को भाजपा से जोड़ने के प्रयासों पर पलटवार करते हुए चमोली ने कहा कि विपक्षी दल के नाते भाजपा का कर्तव्य है कि वह ऐसे मुद्दों को जनता के सामने लाए और जागरूकता फैलाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक रूप से विपक्ष की कमियों को उजागर करना भाजपा की जिम्मेदारी भी है।
चमोली ने कहा कि आरोप लगाने वाली ने अपने बयानों और वीडियो के माध्यम से कांग्रेस के बड़े नेताओं से अपनी निकटता स्वयं स्वीकार की है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और इस तरह के आरोप राजनीति की शुचिता और नैतिकता के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। पत्रकार वार्ता के दाैरान प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सह प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय