एसआईआर पर कांग्रेस की ड्रामेबाजी, घुसपैठियों को बचाने की कोशिश : भाजपा
देहरादून, 21 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने और राजनीतिक ड्रामेबाजी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिहीन बनाना है। पार्टी ने कहा कि उत्तराखंड की सरकार का चुनाव प्रदेश की जनता करेगी, किसी घुसपैठिए या अवैध मतदाता को इसका अधिकार नहीं दिया जा सकता।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं एसआईआर के प्रदेश प्रभारी तरुण बंसल ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एसआईआर उत्तराखंड में पहली बार नहीं हो रहा है और पूर्व में कांग्रेस शासनकाल में भी यह प्रक्रिया हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एसआईआर निर्धारित नियमों और प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है। प्री-एसआईआर के बाद मतदाताओं की मैपिंग की गई और जिन मामलों में असंगति या मानवीय त्रुटि सामने आई, उनमें नोटिस जारी किए गए हैं।
तरुण बंसल ने कहा कि एक विधानसभा क्षेत्र में 30 से 40 हजार तक नोटिस जारी होना इस बात का प्रमाण नहीं है कि इतने मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि करीब 8.33 लाख की संख्या उन मतदाताओं की है, जिनकी मैपिंग नहीं हो पाई है। इनमें मृतक, स्थानांतरित मतदाता और दो स्थानों पर नाम दर्ज होने वाले लोग शामिल हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य किसी पात्र मतदाता का अधिकार छीनना नहीं, बल्कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण करना है। नोटिस प्राप्त लोगों के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा करने और अपनी स्थिति स्पष्ट करने की प्रक्रिया उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि लोग बीएलए-2 और बीएलओ के माध्यम से भी आवश्यक सुधार करा सकते हैं।
भाजपा नेता ने कांग्रेस के इस आरोप को खारिज किया कि एसआईआर का प्रभाव मुख्य रूप से उसके मजबूत बूथों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के बूथ और पन्ना स्तर तक संगठनात्मक कार्यकर्ता सक्रिय हैं और पार्टी का प्रयास है कि एक भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न हो।
बंसल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास बूथ स्तर पर पर्याप्त संगठन और कार्यकर्ता नहीं हैं, इसलिए वह अपनी कमजोरी का ठीकरा चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया पर फोड़ रही है। उन्होंने कहा कि बिहार, असम और पश्चिम बंगाल में भी विपक्ष ने एसआईआर को लेकर सवाल उठाए थे, लेकिन चुनाव परिणाम सामने आने के बाद यह मुद्दा समाप्त हो गया। उत्तराखंड में भी भाजपा की चुनावी हैट्रिक के साथ कांग्रेस के कथित झूठ और भ्रम की राजनीति का पटाक्षेप होगा।
उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता के संबंध में गलत आपत्ति या विसंगति है तो चुनाव आयोग उसकी जांच करेगा और संबंधित व्यक्ति को दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कांग्रेस से एसआईआर में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक बयानबाजी के बजाय पार्टी को अपने स्तर पर पात्र मतदाताओं की सहायता करनी चाहिए।
बंसल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर के बहाने घुसपैठियों और अवैध मतदाताओं को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखंड की संस्कृति और जनसांख्यिकी की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और एसआईआर के माध्यम से त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग करेगी। उन्होंने दोहराया कि उत्तराखंड की जनता ही प्रदेश की सरकार का चुनाव करेगी।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय