कांग्रेस के जीत के दावे ख्याली पुलाव, जनता सिखाएगी देवभूमि के अपमान का सबक: महेंद्र भट्ट
देहरादून, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के दावों पर पलटवार करते हुए उन्हें ख्याली पुलाव करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता पांच साल तक जनता के बीच सक्रिय नहीं रहे और अब चुनाव नजदीक आने पर जीत के दावे कर रहे हैं। भट्ट ने कहा कि देवभूमि के स्वाभिमान और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस के रुख को जनता स्वीकार नहीं करेगी।
महेंद्र भट्ट ने बुधवार को मीडिया के सवालों के जवाब में जारी बयान में कहा कि उत्तराखंड में बीते वर्षों के दौरान सड़क संपर्क, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में बदलाव हुए हैं, लेकिन कांग्रेस नेता इन बदलावों को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदान तक बेहतर सड़क संपर्क से लोगों की आवाजाही आसान हुई है। नकलविहीन भर्ती प्रक्रिया और सरकारी व निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी सरकार ने काम किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और लोगों की आय में वृद्धि हुई है। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार के कामकाज को बेहतर बताया। भट्ट ने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून लागू करने के साथ अवैध धार्मिक कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उनके अनुसार, इन कदमों का उद्देश्य राज्य की विशिष्ट पहचान और सामाजिक व्यवस्था को बनाए रखना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में नकल और भ्रष्टाचार से जुड़ी समस्याएं गहरी हुई थीं,जबकि मौजूदा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कदम उठाए हैं। भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य निर्माण की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास और जनकल्याण के कार्य किए हैं।
महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार और संगठन जनता के बीच सक्रिय हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक लोगों के सुख-दुख में भागीदारी निभा रहा है, जबकि कांग्रेस के पास जनहित के मुद्दों पर प्रभावी पहल का अभाव है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के संदर्भ में देवभूमि के गौरव का अपमान करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जनता में नाराजगी है। भट्ट ने दावा किया कि प्रदेश की जनता पिछले चुनावों में कांग्रेस को नकारती रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय