हरक सिंह रावत पर दर्ज एफआईआर गंभीर, पीड़िता को न्याय दिलाना सरकार और समाज का दायित्व : खजान दास

 


भाजपा ने कहा- आरोपी के बचाव के बजाय जांच में सहयोग करे कांग्रेस, राजनीतिक कारणों से मामले को खारिज करना उचित नहीं

देहरादून, 20 नवंबर (हि.स.)। भाजपा ने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के खिलाफ दर्ज एफआईआर को गंभीर और संवेदनशील मामला बताते हुए कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाना सरकार और समाज दोनों का दायित्व है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि आरोपी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर नहीं है और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।

मंत्री खजान दास ने यहां आज जारी बयान में कहा कि पीड़िता असम की निवासी है और वहां जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। यह मातृशक्ति के सम्मान से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला है, जिसमें तत्काल और कड़ी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिला अपराधों के मामलों में कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। राजनीतिक नफा-नुकसान से अलग पीड़िता को न्याय सुनिश्चित कराया जाएगा।

उन्होंने मामले में हरक सिंह रावत का बचाव करने वाले कांग्रेस नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसे नेता को संरक्षण देने के बजाय पार्टी से बाहर करना चाहिए। उन्होंने प्रियंका गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिला न्याय की बात करने वाली कांग्रेस के नेताओं का आरोपी साथी का बचाव करना मातृशक्ति का अपमान है।

खजान दास ने कांग्रेस की ओर से मामले को पुराना बताकर सवाल उठाए जाने पर कहा कि यदि पीड़िता का आरोप है कि पहले की जांच में दबाव बनाया गया और साक्ष्यों से छेड़छाड़ कर सच्चाई सामने नहीं आने दी गई, तो इन आरोपों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। केवल राजनीतिक कारणों या चुनाव की समयसीमा का हवाला देकर मामले को खारिज करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि पीड़िता ने अपने सम्मान और अधिकारों से जुड़े जो आरोप लगाए हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सच्चाई सामने आनी चाहिए। साथ ही उसके पुत्र के पितृत्व से जुड़े दावे पर भी कानून के अनुसार न्याय सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय