हरक-दिलीप की जुबानी जंग में पिता की एंट्री, 2002 के चुनाव का किस्सा सुनाकर हरक ने किया पलटवार
-अंकिता के माता-पिता को मुआवजा लौटाने की नसीहत पर भी विवाद
-भाजपा विधायक ने गोदियाल को दी थी धारी देवी मंदिर में सौगंध खाने की चुनौती
देहरादून, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को लेकर चल रहा विवाद अब भाजपा विधायक दिलीप रावत और उनके बीच व्यक्तिगत बयानबाजी तक पहुंच गया है। दिलीप रावत ने जहां हरक सिंह रावत पर लगे आरोपों को लेकर कांग्रेस को घेरा, वहीं हरक सिंह ने भाजपा विधायक के पिता का जिक्र कर उन्हें सोच-समझकर बोलने की नसीहत दी। इस विवाद में अंकिता भंडारी के माता-पिता को लेकर दिलीप रावत की टिप्पणी ने भी नया राजनीतिक मोर्चा खोल दिया है।
लैंसडाउन से भाजपा विधायक दिलीप रावत ने आज भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को चुनौती दी थी कि यदि उन्हें हरक सिंह रावत पर लगाए गए आरोप निराधार लगते हैं तो वह धारी देवी मंदिर पहुंचकर सौगंध खाएं कि हरक सिंह रावत चरित्रवान हैं। उन्होंने हरक सिंह की पत्नी दीप्ति रावत के बयानों को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए।
दिलीप रावत ने अंकिता भंडारी के माता-पिता की ओर से न्याय की मांग किए जाने के संदर्भ में कहा कि यदि वे स्वाभिमानी हैं तो उन्हें सरकार की ओर से दी गई आर्थिक सहायता और मुआवजे को ठुकरा देना चाहिए। उनके इस बयान ने अंकिता प्रकरण को लेकर जारी राजनीतिक बहस में एक और मुद्दा जोड़ दिया।
दिलीप रावत के बयान पर हरक सिंह रावत ने कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा को घेरा। उन्होंने उनके पिता को याद किया। उन्होंने वर्ष 2002 के चुनाव का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि चुनाव हारने के बावजूद जब वह पहली बार मंत्री बने और दिलीप रावत के पिता से मिलने पहुंचे तो उन्होंने खड़े होकर उनका स्वागत किया था। हरक ने उनके पिता को भला और सम्मानित व्यक्ति बताते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि मौजूदा विवाद में दिलीप रावत को किस बात का दर्द है।
हरक सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को बयान देने से पहले सोच-विचार करना चाहिए, क्योंकि इस तरह की टिप्पणियां दूसरों को आहत कर सकती हैं।
दोनों नेताओं के बयानों से साफ है कि हरक सिंह रावत से जुड़ा विवाद अब केवल आरोपों और उनके राजनीतिक बचाव तक सीमित नहीं रह गया है। इसमें कांग्रेस नेतृत्व, भाजपा विधायक और अंकिता भंडारी के माता-पिता के बयानों को भी जोड़कर सियासी बहस आगे बढ़ रही है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने विधायक के बयान को पीड़ित परिवार के घावों पर नमक छिड़कने वाला बताते हुए इसे भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक करार दिया। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार को दी गई मुआवजा राशि भाजपा के खाते से नहीं, बल्कि सरकारी खजाने से दी गई है। यह जनता के खून-पसीने की कमाई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को दी गई कोई भी राहत राशि अपराध की माफी नहीं हो सकती।
उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि क्या अंकिता भंडारी के परिवार को राहत राशि इस शर्त पर दी गई थी कि वे प्रकरण में कथित वीआईपी के खुलासे की मांग नहीं करेंगे? भाजपा को इस सवाल का जवाब देना चाहिए।
धस्माना ने आरोप लगाया कि भाजपा बार-बार किसी न किसी बहाने अंकिता प्रकरण के कथित वीआईपी को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में न्याय की मांग जारी रखेगी। कांग्रेस के सत्ता में लौटने पर अंकिता के असली अपराधी को सजा दिलाई जाएगी।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय