भाजपा-2027 चुनाव : प्रकोष्ठों के 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता उतरेंगे चुनावी तैयारी में
काशीपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज करते हुए संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के माध्यम से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान में सक्रिय करने की योजना बनाई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने प्रकोष्ठों को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने और चुनावी तैयारियों में पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।
सोमवार को काशीपुर में आयोजित प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की कार्यशाला में महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति हैं, जिनमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, पेशेवर और समाज के प्रबुद्ध लोग जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ को बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी पदाधिकारी अभी से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनावी तैयारियों में जुट जाएं।
प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों के माध्यम से प्रदेशभर में 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपकर सक्रिय किया जा रहा है। इसके लिए चार चरणों में प्रकोष्ठ कार्यशालाएं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि काशीपुर के बाद रुद्रपुर, देहरादून और हरिद्वार में भी प्रकोष्ठ कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा,ताकि 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक ढांचा और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
कार्यशाला में जिला अध्यक्ष मनोज पाल,जिला प्रभारी पुष्कर काला,सह प्रभारी भारत भूषण चुग, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, व्यवसायिक, व्यापार, आर्थिक, सहकारिता और खेलकूद प्रकोष्ठों के संयोजकों एवं सह-संयोजकों व प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय