विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का बूथ विजय अभियान 10 दिसंबर से, अल्मोड़ा से होगा आगाज

 


देहरादून, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लक्ष्य के साथ पार्टी दिसंबर में प्रदेशव्यापी 'बूथ विजय अभियान' चलाएगी। 10 से 25 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के जरिए पार्टी बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर देगी। अभियान का शुभारंभ 10 दिसंबर को अल्मोड़ा से प्रस्तावित है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल हो सकते हैं।

भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नौ और 10 दिसंबर को दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास प्रस्तावित है। इस दौरान नौ दिसंबर की शाम प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आयोजित होगी। इसके अगले दिन अल्मोड़ा में बूथ विजय अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।

परिहार ने बताया कि अभियान के तहत बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के घर पर उनके नाम की पट्टिका लगाने के साथ पार्टी का झंडा भी लगाया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्मोड़ा लोकसभा क्षेत्र के एक बूथ पर बैठक लेकर अभियान का औपचारिक आगाज करेंगे। इसी संसदीय क्षेत्र में व्यापक स्तर पर शक्ति केंद्र सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी प्रस्तावित है।

प्रदेश महामंत्री ने बताया कि बूथ विजय अभियान केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके माध्यम से पार्टी जनता के बीच भी अपनी पहुंच बढ़ाएगी। कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर उन्हें सरकार की उपलब्धियों और पार्टी के संदेश से अवगत कराएंगे। इसके साथ ही बूथ क्षेत्र में निवास करने वाले मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान ऐसे कार्यकर्ताओं और समर्थकों से भी संपर्क किया जाएगा, जो किन्हीं कारणों अथवा व्यस्तता के चलते लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें फिर से संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

परिहार ने बताया कि अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता सरकार का रिपोर्ट कार्ड और उपलब्धियों से संबंधित सामग्री घर-घर पहुंचाएंगे। इसके माध्यम से जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। पार्टी का जोर बूथ स्तर पर संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर रहेगा।

उन्होंने कहा कि बूथ विजय अभियान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। पार्टी संगठन को बूथ स्तर पर सशक्त बनाकर चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने की दिशा में काम करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय