बूथ समितियों के जरिए सर्वसमाज को जोड़ेगी भाजपा,31 अगस्त से अभियान

 


देहरादून, 22 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और सर्वसमाज को पार्टी से जोड़ने के लिए 31 अगस्त से 15 सितंबर तक बूथ सशक्तिकरण अभियान चलाएगी। अभियान के तहत प्रदेश के सभी बूथों पर समितियों को सक्रिय और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने शनिवार को बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर प्रदेशभर में बूथों को मजबूत करने का अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट के निर्देश पर अभियान के लिए प्रदेश स्तर पर टीम गठित की गई है। प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल को अभियान का संयोजक बनाया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, प्रवीण लेखवार, गोपाल रावत, विशाल गुप्ता और भुवन जोशी को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

उन्होंने बताया कि अभियान की तैयारियों के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। 30 अगस्त तक जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर कार्ययोजना बैठकें पूरी की जाएंगी। अभियान के तहत प्रत्येक बूथ समिति में अध्यक्ष सहित 12 कार्यकर्ता होंगे। कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन करते समय बूथ के भौगोलिक क्षेत्र का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं के आधार पर काम करने वाली पार्टी है और बूथ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। चुनावी सफलता के साथ ही समाज को पार्टी के कार्यक्रमों से जोड़ने में मजबूत बूथ इकाई की अहम भूमिका होती है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय