उत्तराखंड भाजपा की प्रवक्ता टोली का विस्तार, आठ को जिम्मेदारी

 


देहरादून, 25 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड ने आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को देखते हुए मीडिया एवं संचार तंत्र को मजबूत करने की दिशा में आठ नए प्रवक्ताओं की घोषणा की है। नए प्रवक्ताओं के अनुभव और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व से पार्टी को विभिन्न मुद्दों पर अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रखने में मदद मिलेगी।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी कुंदन परिहार ने मंगलवार को इस संबंध में सूची जारी की। सूची के अनुसार देहरादून महानगर से रविन्द्र जुगरान और शादाब शम्स, ऊधमसिंह नगर से राजेश शुक्ला,नैनीताल से सुरेश तिवारी,कोटद्वार से अनुकृति गुसांई और विश्वजीत नेगी,देहरादून ग्रामीण से सत्यवीर चौहान और ऋषिकेश से मनोज जखमोला को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश और सहमति के बाद प्रवक्ता टोली का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने में प्रदेश प्रवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

भाजपा ने आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को देखते हुए मीडिया एवं संचार तंत्र को मजबूत करने की दिशा में यह विस्तार किया है। नए प्रवक्ताओं के अनुभव और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व से पार्टी को विभिन्न मुद्दों पर अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रखने में मदद मिलेगी।

पार्टी के अनुसार नई प्रवक्ता टोली प्रदेश सरकार की उपलब्धियों,विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से जनता के बीच रखेगी। साथ ही विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखने और समसामयिक राजनीतिक विषयों पर भाजपा की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने रखने की जिम्मेदारी भी प्रवक्ता टोली की होगी।

नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ताओं की सूची

- रविन्द्र जुगरान — देहरादून महानगर

- राजेश शुक्ला — ऊधमसिंह नगर

- सुरेश तिवारी — नैनीताल

- शादाब शम्स — देहरादून महानगर

- अनुकृति गुसांई — कोटद्वार

- विश्वजीत नेगी — कोटद्वार

- सत्यवीर चौहान — देहरादून ग्रामीण

- मनोज जखमोला — ऋषिकेश

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय