उत्तराखंडियों को ‘घुसपैठिया’ बताने पर अखिलेश माफी मांगें, कांग्रेस सपा से संबंध तोड़े : भट्ट
-उत्तराखंड के स्वाभिमान के मुद्दे पर कांग्रेस का दोहरा रवैया उजागर
देहरादून, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से उत्तराखंड के लोगों को कथित तौर पर ‘घुसपैठिया’ कहे जाने के मामले में उनसे माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने कांग्रेस और अन्य स्थानीय राजनीतिक दलों को समाजवादी पार्टी से संबंध तोड़ने की चुनौती देते हुए आरोप लगाया कि उत्तराखंड के सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस का दोहरा रवैया सामने आया है।
रविवार को जारी अलग-अलग बयानों में भाजपा नेताओं ने अखिलेश यादव की कथित टिप्पणी की निंदा की। महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाले बयान को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मुजफ्फरनगर कांड और राज्य आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर उत्तराखंड विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाएं इस मुद्दे पर उनकी गंभीरता को लेकर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस और अन्य दल वास्तव में उत्तराखंड के अपमान से आहत हैं, तो उन्हें समाजवादी पार्टी से पूरी तरह संबंध तोड़ने चाहिए। उनके अनुसार, प्रदेश की जनता यह देख रही है कि राज्य के सम्मान के सवाल पर कौन उसके साथ खड़ा है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का सेना, सुरक्षा बलों और राष्ट्रसेवा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे प्रदेश के नागरिकों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता लंबे संघर्ष और बलिदानों से जुड़ी है तथा रामपुर तिराहा गोलीकांड राज्य आंदोलन के इतिहास का ऐसा अध्याय है, जिसे प्रदेशवासी नहीं भूल सकते।
दीप्ति रावत ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से सवाल किया कि अखिलेश यादव की टिप्पणी पर कांग्रेस नेतृत्व की स्पष्ट प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि उसके लिए उत्तराखंड का स्वाभिमान महत्वपूर्ण है या राजनीतिक गठबंधन।
भाजपा नेताओं ने अखिलेश यादव से टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देने और उत्तराखंड की जनता से माफी मांगने की मांग की। साथ ही कांग्रेस से इस मामले में सार्वजनिक रूप से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय