सतपाल महाराज का जन्मोत्सव: ऋषिकुल मैदान में जुटा जनसैलाब, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी बधाई

 




- महाराज का जीवन अध्यात्म, सेवा और राष्ट्रसेवा का संगम: राज्यपाल

हरिद्वार, 21 सितंबर (हि.स.)। आध्यात्मिक गुरु व उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के 75वें जन्मोत्सव पर सोमवार को ऋषिकुल मैदान हरिद्वार में भव्य समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग कर महाराज जी को बधाई दी। मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा आयोजित इस समारोह में देश-विदेश से आए हजारों अनुयायी शामिल हुए।

सोमवार को देर शाम जन्मोत्सव समारोह में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने महाराज जी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनका जीवन अध्यात्म, सेवा और राष्ट्रसेवा का समन्वय है। मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से उन्होंने देश-विदेश में मानव धर्म, आत्मज्ञान, प्रेम और सद्भाव का संदेश पहुंचाया है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भारतीय भावना आज पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है, महाराज जी इसी भावना को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका अनुभव और मार्गदर्शन युवा पीढ़ी को सेवा और राष्ट्र प्रथम की प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महाराज जी का जीवन आध्यात्मिक चेतना, परोपकार और लोककल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनकी सरलता, सहजता और दूरदर्शिता ने उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाई है। मंत्रिमंडल में उनके साथ कार्य करने का अनुभव बताता है कि वे आध्यात्मिक व्यक्तित्व के साथ-साथ समर्पित कर्मयोगी भी हैं।

सीएम ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्निर्माण और केदारखंड-मानसखंड परियोजनाओं से उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत को विश्व स्तर पर पहचान मिल रही है।

कुंभ और संस्कृति पर बड़ा बयान देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ केवल आस्था का संगम नहीं, बल्कि भारत की सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता का विराट उत्सव होगा। सरकार इसे दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से जुटी है। देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए सरकार का संकल्प स्पष्ट है, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून इसी के उदाहरण हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों और देश-विदेश से आए अनुयायियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और उत्तराखंड की आध्यात्मिक धरती से यह संदेश पूरे विश्व तक जाना चाहिए।

समारोह में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विधायक आदेश चौहान, बृजभूषण गैरोला, पूर्व मंत्री अमृता रावत, महाराज जी के सुपुत्र विभु जी महाराज व सुयश महाराज, रीवा नरेश पुष्पराज सिंह, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर सहित संत समाज और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला