जन्मदिन पर 51 किमी पैदल दौड़कर पहुंचे मां कुंजापुरी के दरबार

 


नई टिहरी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जीवन के 51 वें वर्ष में प्रवेश करने पर बीते 8 अक्टूबर को जिले के एक प्रशासनिक अधिकारी ने अपने जन्मदिन को अनूठे अंदाज में यादगार बना दिया। नई टिहरी सरकारी आवास से सुबह साढ़े 6 बजे शुरू हुई यात्रा में उन्होंने दौड़ते और पैदल चलते हुए करीब 51 किलोमीटर की दूरी तय कर अपराह्न साढ़े 3 बजे मां कुंजापुरी मंदिर में दर्शन किए। यात्रा पूरी करने में लगभग नौ घंटे लगे।

बात हो रही है एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी की। पहाड़ में बीता बचपन, खेतों में श्रम, खेलकूद और दुर्गम क्षेत्रों में काम करने के अनुभव को अपनी शारीरिक सक्रियता का आधार मानने वाले नेगी नियमित रूप से 6-7 किमी दौड़ते हैं। जन्मदिन पर 51 किलोमीटर की यात्रा का विचार उन्हें रास्ते में आया। उन्होंने डीएम नितिका खंडेलवाल से अनुमति लेकर वीरवार सुबह को यात्रा जारी रखी। खास बात यह कि जानकारी उन्होंने परिवार को भी नहीं दी थी।

नेगी ने बताया यात्रा के दौरान चंबा में प्रथम विश्वयुद्ध के वीर सैनिक वीसी गबर सिंह नेगी, टिहरी जनक्रांति के नायक श्रीदेव सुमन, खाड़ी में राज्यांदोलनकारी शहीद रविंद्र रावत के स्मारक पर श्रद्धांजलि दी। रास्ते में किसानों, श्रमिकों, छोटे उद्यमियों और स्थानीय लोगों से संवाद किया। हेंवल घाटी में खेती, ग्रामीण संपर्क सड़कों, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों और 20 से अधिक प्राकृतिक जलस्रोतों व झरनों को करीब से देखा। दोपहर की तेज धूप और लगातार चढ़ाई के कारण अंतिम चरण कठिन रहा।

इसके बावजूद उन्होंने मां कुंजापुरी के दर्शन कर यात्रा पूरी की। यह अनुभव उनके लिए केवल 51 किलोमीटर का सफर नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, आत्मानुशासन और पहाड़ के जनजीवन को समझने का अवसर भी बना। बताया कि सबसे ज्यादा थकान जाजल से आगराखाल के बीच लगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी