कांवड़िए की बाइक धू-धू कर जली, हाईवे पर मची अफरा-तफरी
हरिद्वार, 11 अगस्त (हि.स.)। डाक कांवड़ के चरम के बीच रुड़की में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर गंगाजल लेकर जा रहे एक कांवड़िए की चलती बाइक अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बाइक सवार कांवड़िया समय रहते नीचे उतर गया और उसकी जान बच गई।
घटना बीती देर रात नगला इमरती गांव के पास सागर रत्ना होटल के सामने की है। बताया जा रहा है कि कांवड़िया बाइक से डाक कांवड़ लेकर जा रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक में आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बाइक जलकर खाक हो गई।
साइलेंसर उतारना पड़ा भारी!
पुलिस के मुताबिक, बाइक का साइलेंसर उतारा गया था। प्रथम दृष्टया इसी वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। डाक कांवड़ के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त तेज रफ्तार में वाहनों से सफर कर रहे हैं और कई बाइक सवारों ने साइलेंसर तक हटाए हुए हैं। ऐसे में वाहनों में आग लगने का खतरा बना रहता है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि बाइक सवार पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि किसी भी वाहन को साइलेंसर हटाकर नहीं चलाना चाहिए। पुलिस की ओर से लगातार कांवड़ियों से इस संबंध में सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
बाइक में आग लगते ही सड़क पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। जलती बाइक को देखने के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए हाईवे की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से जली हुई बाइक को सड़क किनारे हटाया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू कराया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और गंगाजल लेकर जा रहा कांवड़िया बाल-बाल बच गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला