विज्ञान वर्ग के 50 नवनियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसर बीएचयू में लेंगे प्रशिक्षण
देहरादून, 20 मार्च (हि.स.)। उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, उत्कृष्टता और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में विज्ञान वर्ग के 50 नवनियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसरों को बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 23 मार्च से 19 अप्रैल तक चलेगा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार फोकस्ड ट्रेनिंग एंड इंडक्शन प्रोग्राम के तहत शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, शोध पद्धतियों और शैक्षणिक प्रशासन के विभिन्न आयामों की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे अपने शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी बना सकें और संस्थानों में शोध एवं नवाचार को बढ़ावा दे सकें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीएचयू के विशेषज्ञों सहित देशभर के प्रख्यात शिक्षक व्याख्यान देंगे।
उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग के 35 सहायक पुस्तकालयाध्यक्षों का भी बीएचयू में प्रशिक्षण चल रहा है। 9 मार्च से 22 मार्च तक आयोजित इस 12 दिवसीय कार्यक्रम में प्रतिभागियों को आधुनिक पुस्तकालय प्रणाली, डिजिटल एक्सेस, ई-लाइब्रेरी, सूचना प्रबंधन और तकनीकी नवाचारों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें विभिन्न प्रमुख संस्थानों के पुस्तकालयों का भ्रमण कराकर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।
उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों को देश के उत्कृष्ट संस्थानों में प्रशिक्षण और एक्सपोजर विजिट उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध वातावरण में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय